पाली महोत्सव 2026 का भव्य समापन: संस्कृति, संगीत और नृत्य का अद्भुत संगम
लोक पल्स न्यूज़ : पाली महोत्सव 2026 का समापन समारोह रंगारंग और भव्य प्रस्तुतियों के साथ सम्पन्न हुआ। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक छटा, भक्ति और संगीत का अद्भुत समागम दर्शकों के सामने बिखरा। हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शकों ने इस सांस्कृतिक महोत्सव का भरपूर आनंद लिया और पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।

समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय कलाकार अनुज शर्मा और छालीवुड सुपरस्टार दीपक साहू ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं बॉलीवुड की चर्चित गायिका कनिका कपूर ने अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरते हुए समारोह को यादगार बना दिया। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति ने भी महोत्सव को जीवंतता और ऊर्जा से भर दिया।
छत्तीसगढ़ी संगीत की धरोहर जीवंत: अनुज शर्मा की मंत्रमुग्ध प्रस्तुति

छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय कलाकार अनुज शर्मा ने कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति गीतों से की। “राम सिया राम” और “आरुग दिया ला जलाए” जैसे भजनों के माध्यम से उन्होंने भक्तिमय वातावरण निर्मित किया।
उन्होंने अपनी सुपरहिट फिल्मों “छुइंया भुइयां” और “झन भूलो मां बाप ला” के चर्चित गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति में छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा की झलक स्पष्ट दिखाई दी। हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गीतों ने भी माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया।

दीपक साहू की ऊर्जावान प्रस्तुति से गूंजा पंडाल
छालीवुड के सुपरस्टार दीपक साहू ने अपनी दमदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को आकर्षित किया। “मोहिनी खवा के जिया ला चुराए रे…” जैसे लोकप्रिय गीतों पर उनके तालमेलपूर्ण और ऊर्जावान नृत्य ने महोत्सव के रंग को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया।
उनकी शानदार स्टेज प्रेजेंस और भाव-भंगिमाओं ने दर्शकों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया। हर प्रस्तुति में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक दिखाई दी, जिससे समारोह का उत्साह दोगुना हो गया।
कनिका कपूर ने बिखेरा सुरों का जादू

बॉलीवुड की लोकप्रिय गायिका कनिका कपूर ने अपने सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति देकर समापन समारोह को भव्य बना दिया। “काला चश्मा”, “चंद दी कुड़ी”, “नखरा तीखी तलवार वरगा” और “ब्राउन मुंडे” जैसे गीतों पर दर्शक झूम उठे।
उनकी मधुर आवाज और आकर्षक मंच प्रस्तुति ने पूरे माहौल को ऊर्जावान और रोमांचक बना दिया। दर्शक अंत तक उनके गीतों का आनंद लेते रहे।

स्थानीय कलाकारों ने बढ़ाई महोत्सव की रौनक
पाली महोत्सव 2026 के समापन अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।
सोनू भाठिया एंड ग्रुप ने जसगीत से माहौल भक्तिमय बनाया।
चिराग शुक्ला एंड बैंड ने भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
थिरमन दास ने छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की।
धारा सोनवानी ने छत्तीसगढ़ की भाजी और भोजन संस्कृति को गीतों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
राहुल ठाकुर बैंड, रायपुर ने सूफी संगीत से समां बांधा।
ज्योति बोहिदार वैष्णव ने कत्थक नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।
शास्त्रीय संगीत की गूंज: प्रो. डॉ. लवली शर्मा और डॉ. विपुल राय की प्रस्तुति
इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ की कुलपति एवं प्रख्यात सितार वादक प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने राग सरस्वती की स्वर लहरियों से पूरे पंडाल को शास्त्रीय संगीत के मधुर वातावरण से गुंजायमान कर दिया।
वहीं विख्यात संतूर वादक डॉ. विपुल राय ने अपनी मधुर धुनों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने महोत्सव के समापन को शास्त्रीय संगीत की गरिमा से परिपूर्ण बना दिया।
जिला प्रशासन के प्रति आभार
सभी कलाकारों ने पाली महोत्सव में आमंत्रण और भव्य आयोजन के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। पालीवासियों के स्नेह, प्रेम और उत्साहपूर्ण समर्थन को उन्होंने अविस्मरणीय बताया।
पाली महोत्सव 2026 का समापन सांस्कृतिक एकता, परंपरा और आधुनिकता के अद्भुत संगम के रूप में यादगार बन गया।







