लोकपल्स न्यूज़ छत्तीसगढ़
के. वेंकटेश राव की रिपोट
बिलासपुर में देर रात चाकूबाजी दो पक्षों में खूनी भिड़ंत, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक समेत दो घायल, सिम्स में भर्ती
बिलासपुर में देर रात दो पक्षों के बीच विवाद खूनी झड़प में बदल गया। हाथापाई के दौरान चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें बीच-बचाव करने पहुंचे युवक समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया।
घायल अमन सिंह ने बताया कि वह अपने दोस्त को बचाने और विवाद शांत कराने पहुंचा था। इसी दौरान हमलावरों ने उसे भी घेर लिया और पहले जमकर मारपीट की, फिर नुकीले हथियार से हमला कर उसके चेहरे और गाल पर गंभीर चोट पहुंचाई। इस हमले में उसका एक दोस्त भी घायल हुआ है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








