Home ब्रेकिंग न्यूज़ घर-घर घूमकर चोरी करने वाली महिला चढ़ी पुलिस के हत्थे, 5 मोबाइल...

घर-घर घूमकर चोरी करने वाली महिला चढ़ी पुलिस के हत्थे, 5 मोबाइल और लेडीज पर्स बरामद 

77
0

 

लोकपल्स न्यूज़ छत्तीसगढ़ | सच की धड़कन, जनता की आवाज़

घर-घर घूमकर चोरी करने वाली महिला चढ़ी पुलिस के हत्थे, 5 मोबाइल और लेडीज पर्स बरामद

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर घरों में घूमकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लेडीज पर्स और 5 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब ₹1.10 लाख बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को पथरागुड़ा निवासी एक महिला के घर से लेडीज पर्स और सैमसंग मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें एक महिला दो बच्चों के साथ संदिग्ध रूप से घरों के आसपास घूमती दिखाई दी। पुलिस ने तलाश करते हुए महिला को डिमरापाल अस्पताल के सामने बने शेड से हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार करते हुए इंद्रावती पुल के नीचे छिपाकर रखे 5 मोबाइल और एक लेडीज पर्स बरामद कराया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसने शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंजली उर्फ माधुरी मोदी (32 वर्ष), पति टेनू मोदी, निवासी तितलागढ़, जिला बलांगीर (ओडिशा) एवं वर्तमान में डिमरापाल अस्पताल के सामने बने शेड में रहने वाली के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here