जमीन के बंटवारे का विवाद बना खूनी, दिव्यांग बेटे ने मां की हत्या की, पिता भी गंभीर घायल
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पारिवारिक संपत्ति को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। उरगा थाना क्षेत्र के चीतापाली गांव में दिव्यांग बेटे ने जमीन के बंटवारे से इनकार करने पर अपनी ही मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि पिता पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चीतापाली निवासी श्यामलाल यादव अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका छोटा बेटा रामकुमार यादव, जो दिव्यांग है और चलने के लिए लाठी का सहारा लेता है, लंबे समय से पारिवारिक जमीन और संपत्ति के बंटवारे की मांग कर रहा था। माता-पिता द्वारा बंटवारे से इनकार किए जाने पर शुक्रवार रात घर में विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर रामकुमार ने अपनी सहारे वाली लाठी से मां जानकुंवर यादव के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने पिता श्यामलाल यादव पर भी हमला कर दिया, जिससे उनका पैर टूट गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शनिवार सुबह सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल पिता को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी रामकुमार यादव को ग्राम अंजोरीपाली से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी अपने माता-पिता के साथ मारपीट कर चुका था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पूरे चीतापाली गांव में शोक और दहशत का माहौल है।








