कोरबा में पहले महिला थाना का लोकार्पण, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया शुभारंभ
लोक प्लस न्यूज़ कोरबा। नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने शुक्रवार को सिविल लाइन थाना परिसर में कोरबा जिले के प्रथम महिला थाना का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने कहा कि यह थाना जिले का पहला महिला थाना है, जो महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम के साथ उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान में सहायक होगा। शुभारंभ के बाद निरीक्षक भावना खांडेकर को थाना प्रभारी का विधिवत पदभार भी ग्रहण कराया गया।
उन्होंने कहा कि महिला थाना महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री देवांगन ने विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया। साथ ही थाना परिसर में वाटर कूलर स्थापना की घोषणा की तथा आग से बचाव संबंधी जागरूकता पाम्पलेट का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, पार्षद अशोक चावलानी, पार्षद चंद्रलोक सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







