रसोई गैस-पेट्रोल की कमी की अफवाहों से बचें, जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता: कलेक्टरप्रशासन की नागरिकों से अपील
लोक पल्स न्यूज़ कोरबा : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष और उससे जुड़ी अफवाहों के बीच जिले में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग और अधिक कीमत पर बिक्री जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गैस वितरक एजेंसियों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को लेकर विभिन्न माध्यमों से रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी संबंधी भ्रामक और अपुष्ट जानकारी प्रसारित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य उपभोक्ताओं को पारदर्शी और सुचारु गैस वितरण व्यवस्था उपलब्ध कराना है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग तिथि के अनुक्रम और फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व के आधार पर ही की जाए।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी ओटीपी ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ही की जाए और बिना ओटीपी के किसी भी स्थिति में सिलेंडर की डिलीवरी न हो। साथ ही उपभोक्ताओं को 25 दिनों के पहले दूसरा सिलेंडर जारी नहीं किया जाएगा।
उन्होंने गैस एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल खाद्य अधिकारी को सूचना देने को कहा गया है, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न हो।
कलेक्टर ने स्कूल, आश्रम, छात्रावास और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर के व्यवसायिक उपयोग या दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर संबंधित संस्थान और गैस वितरक दोनों की जांच की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी जी.एस. कंवर सहित इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत गैस एजेंसी के अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों और अफवाहों पर विश्वास न करें। जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। प्रशासन ने नागरिकों से केवल अधिकृत शासकीय स्रोतों से ही जानकारी की पुष्टि करने और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार से बचने का आग्रह किया है।







