ओवरब्रिज पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, चार लोग गंभीर घायल
लोक पल्स न्यूज़ कोरबा : कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर मां मड़वारानी मंदिर के पास स्थित ओवरब्रिज पर गुरुवार शाम करीब 7 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार चांपा की ओर से एक बाइक रॉन्ग साइड से आ रही थी, जबकि दूसरी बाइक कोरबा की ओर से आ रही थी।
बताया जा रहा है कि दोनों बाइकों में दो-दो लोग सवार थे। रॉन्ग साइड से आने के कारण ओवरब्रिज के ऊपर दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों में सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल घायलों की पहचान और वे किस क्षेत्र के रहने वाले हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ पाई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।







