संगठन सृजन अभियान को लेकर कांग्रेस की बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने दिए निर्देश
लोक पल्स न्यूज़ : कोरबा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान की समीक्षा के बाद संगठन को मजबूत और पूर्ण रूप से सक्रिय बनाने के उद्देश्य से रविवार को टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एआईसीसी सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी जरिता लैतफ्लांग ने पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपीं।
बैठक को संबोधित करते हुए जरिता लैतफ्लांग ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ कमेटियों का गठन जल्द से जल्द पूरा करना जरूरी है। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि उन्हें बूथ स्तर तक जाकर संगठन को सक्रिय करना होगा। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश, जिला, ब्लॉक, मंडल और वार्ड के प्रमुख पदाधिकारियों के निवासरत बूथ में बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटी का गठन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से होना चाहिए, कहीं ऐसा न हो कि बूथ कमेटी के स्थान पर ‘भूत कमेटी’ बन जाए।
बैठक में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में चार ब्लॉक कमेटियां बनाई गई हैं। इनमें दर्री-जमनीपाली में 14 वार्ड और 60 बूथ, बालको में 10 वार्ड और 45 बूथ, कुसमुण्डा में 6 वार्ड और 20 बूथ तथा कोरबा में 37 वार्ड और 174 बूथ शामिल हैं। उन्होंने कोरबा ब्लॉक कमेटी को दो भागों में विभाजित कर एक और ब्लॉक कमेटी बढ़ाने का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े ऐसे कई लोग हैं जिन्हें अब तक अवसर नहीं मिला, उन्हें संगठन में आगे लाया जाना चाहिए।
कोरबा कांग्रेस प्रभारी विजय केशरवानी ने बताया कि प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 27,196 हो गई है। वहीं कोरबा विधानसभा क्षेत्र में भी 55 नए मतदान केंद्र बढ़कर कुल 299 बूथ हो गए हैं। इन सभी बूथों में सक्रिय कार्यकर्ताओं को उनके निवासरत क्षेत्र में बीएलए नियुक्त करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने जिलाध्यक्ष को जल्द ही ब्लॉकवार प्रभारी नियुक्त करने और ब्लॉक तथा मंडल कमेटियों के गठन की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिलाध्यक्ष मुकेश राठौर, पीसीसी सचिव विकास सिंह, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल, नत्थूलाल यादव, सपना चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कार्यक्रम का संचालन श्याम सुंदर सोनी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नत्थूलाल यादव ने किया। बैठक में जिले भर से आए कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





