Home कोरबा निगम की नई पहल ‘मेयर की पाती’: पानी, स्ट्रीट लाइट और सफाई...

निगम की नई पहल ‘मेयर की पाती’: पानी, स्ट्रीट लाइट और सफाई की शिकायतों का 24 घंटे में होगा समाधान

94
0

निगम की नई पहल ‘मेयर की पाती’: पानी, स्ट्रीट लाइट और सफाई की शिकायतों का 24 घंटे में होगा समाधान

लोक पल्स न्यूज़ कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा ने आम नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नई जनकल्याणकारी पहल ‘मेयर की पाती’ की शुरुआत की है। निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत परिसर में महापौर संजूदेवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने इस व्यवस्था का शुभारंभ किया।

इस पहल के तहत पानी, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों का 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाएगा। यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हो पाता, तो संबंधित प्रभारी अधिकारी को इसका ठोस कारण भी बताना होगा।

तीन रंगों के लेटर बॉक्स में दर्ज होंगी शिकायतें

‘मेयर की पाती’ व्यवस्था के अंतर्गत साकेत भवन के प्रवेश द्वार पर नीले, पीले और हरे रंग के तीन लेटर बॉक्स लगाए गए हैं।

नीला लेटर बॉक्स: पेयजल से जुड़ी समस्याओं के लिए

पीला लेटर बॉक्स: स्ट्रीट लाइट व बिजली से जुड़ी शिकायतों के लिए

हरा लेटर बॉक्स: साफ-सफाई से संबंधित समस्याओं के लिए

आम नागरिक अपनी शिकायतें पत्र के माध्यम से इन लेटर बॉक्स में डाल सकेंगे।

व्हाट्सएप के जरिए अधिकारियों तक पहुंचेगी शिकायत

लेटर बॉक्स में डाले गए सभी शिकायत पत्रों को तुरंत निकालकर कंप्यूटर में दर्ज किया जाएगा और संबंधित प्रभारी अधिकारी के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जाएगा। शिकायत मिलते ही अधिकारी समस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित करेंगे।

अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही

यदि किसी कारणवश निर्धारित समय में समस्या का समाधान संभव नहीं हो पाता, तो संबंधित अधिकारी को निगम आयुक्त को लिखित रूप से कारण बताना होगा और यह भी बताना होगा कि समस्या का समाधान कब तक किया जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व सभापति रामनारायण सोनी, एमआईसी सदस्य अजय गोंड़, पार्षद पंकज देवांगन, अशोक चावलानी, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर सहित निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

निगम की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि शहरवासियों को पानी, बिजली और सफाई जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए अब लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here