Home सोशल भोलेनाथ के जयघोष से गूंजा कोरबा कनकेश्वर से कपिलेश्वर तक शिवभक्ति...

भोलेनाथ के जयघोष से गूंजा कोरबा कनकेश्वर से कपिलेश्वर तक शिवभक्ति में डूबा रहा जिला

30
0

भोलेनाथ के जयघोष से गूंजा कोरबा

कनकेश्वर से कपिलेश्वर तक शिवभक्ति में डूबा रहा जिला

लोक प्लस न्यूज़ : कोरबा। महाशिवरात्रि का पावन पर्व जिलेभर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कनकी स्थित कनकेश्वर धाम में आधी रात से ही भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। सुबह होते-होते पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

इसी प्रकार कपिलेश्वरनाथ महादेव मंदिर और नर्मदेश्वर महादेव मंदिर सहित जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की।

भोर से शुरू हुआ जलाभिषेक

महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही, शहद और गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का विशेष अभिषेक किया। मंदिरों में “ॐ नमः शिवाय” के मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना का क्रम निरंतर चलता रहा। कई भक्तों ने उपवास रखकर रात्रि जागरण भी किया।

भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण

मंदिर परिसरों में दिनभर भजन मंडलियों द्वारा शिव भजनों और कीर्तन का आयोजन किया गया। शिव तांडव स्तोत्र और महामृत्युंजय मंत्र के उच्चारण से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नृत्य-कीर्तन करते नजर आए।

भंडारे में उमड़ी श्रद्धा

कनकेश्वर धाम में कोरबा कांवरिया संघ द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। सेवा कार्य में युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर कोरबा पूरी तरह शिवमय नजर आया और आस्था, सेवा व श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here