कोरबा: बालको क्षेत्र की समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
लोक प्लस न्यूज़ : कोरबा। बालको क्षेत्र में लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं को लेकर आज जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में बालको नगर प्रशासन कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी, अनुषंगी इकाइयों, मोर्चा प्रकोष्ठों के साथ-साथ ठेला-गुमटी संचालक, लघु व्यवसायी और उनके परिजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
धरना प्रदर्शन के दौरान जनप्रतिनिधियों ने वेदांता संचालित भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जनहित में सुधार की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त तहसीलदार विष्णु प्रसाद पैकरा और नायब तहसीलदार दीपक पटेल को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसे कलेक्टर कोरबा के माध्यम से प्रेषित किया जाएगा।
पूर्व मंत्री ने दी चेतावनी
पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि बालको प्रबंधन की कार्यशैली से क्षेत्र का हर वर्ग प्रभावित है, चाहे वह कर्मचारी हों, श्रमिक हों या छोटे व्यवसायी। उन्होंने कहा कि यदि ठेला-गुमटी संचालकों को नुकसान पहुंचाया गया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
प्रमुख समस्याएं और मांगें
ज्ञापन में सड़क, पर्यावरण, रोजगार और श्रमिक अधिकारों से जुड़ी समस्याओं को उठाया गया। प्रमुख मांगों में—
ध्यानचंद चौक से रिस्दी चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण
जर्जर सड़कों का सुधार
स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता
श्रमिकों के उत्पीड़न पर रोक
फ्लाई ऐश प्रदूषण नियंत्रण
बंद रास्तों को पुनः खोलना
छोटे व्यापारियों को विस्थापन से बचाना
युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि जनहित की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं ग्रामीण अध्यक्ष विकास सिंह ने इसे जनता की आवाज बताते हुए जल्द समाधान की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप कर राहत दिलाने की अपील की।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
धरना प्रदर्शन में सुशांत मिश्रा, सुमेर डालमिया, तनवीर अहमद, सुरेंद्र प्रताप जायसवाल, कुसुम द्विवेदी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







