कोरबा के वार्ड 08-09 को 54 लाख की सड़क रोशनी सौगात, ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी हुआ शुभारंभ
लोक प्लस : कोरबा नगर पालिक निगम कोरबा के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 08 एवं 09 के नागरिकों को 54 लाख रुपये से अधिक के सड़क रोशनी कार्य की सौगात मिली। प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में इस महत्वपूर्ण कार्य का भूमिपूजन किया गया।
सीतामणी सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सीतामणी हटरी मेन रोड से इमलीडुग्गू स्वागत द्वार तक 54 लाख 28 हजार रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइट स्थापना कार्य किया जाएगा। इसके तहत 60 विद्युत खंभों की स्थापना कर सड़क रोशनी की समुचित व्यवस्था की जाएगी। मंत्री एवं महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य शीघ्र प्रारंभ कर तय समयसीमा में पूर्ण किया जाए। ईवी चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ
शहर में आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा देते हुए घंटाघर-निहारिका मार्ग स्थित स्मृति उद्यान के समीप 25 लाख रुपये की लागत से स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी शुभारंभ किया गया। यह सुविधा इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करेगी।जनता की इच्छा सर्वोपरि मंत्री देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा की जनता की इच्छा और जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में करीब 800 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है, जिनमें सड़क, पुल-पुलिया, पानी, बिजली सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
अंधेरी सड़कों पर अब होगा उजियारा
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में 5000 स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिससे सड़कों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था होगी और नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि मंत्री देवांगन के प्रयासों से कोरबा में व्यापक स्तर पर विकास कार्य हो रहे हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







