कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन जन्मदिन पर देंगे वेंडिंग जोन की सौगात, शहरभर में होंगे भव्य आयोजन
लोक प्लस न्यूज़ : कोरबा नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन 12 अप्रैल रविवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर शहरवासियों और ठेले-गुमटी व्यवसायियों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। इस अवसर पर बुधवारी बाजार के समीप दोपहर 3 बजे आयोजित कार्यक्रम में वे 50.54 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन वेंडिंग जोन का शुभारंभ करेंगे तथा ठेले-गुमटी व्यवसायियों को निशुल्क आवंटन करेंगे।
जारी प्रोटोकॉल के अनुसार, मंत्री श्री देवांगन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक चारपारा कोहड़िया स्थित अपने निवास में आम नागरिकों से भेंट-मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे टीपी नगर स्थित भाजपा कार्यालय में कोरबा मंडल द्वारा आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दोपहर 1 बजे वे माँ सर्वमंगला मंदिर में पूजा-अर्चना कर विशाल भंडारे में शामिल होंगे, जहां सर्वमंगला मंडल द्वारा भव्य आयोजन किया गया है। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे प्रेस क्लब कोरबा के कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
शाम 4 बजे एनटीपीसी गेट के पास स्थित हनुमान मंदिर में मंदिर समिति एवं भाजपा मंडल द्वारा आयोजित भंडारा व जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं 4:45 बजे बालको नगर सेक्टर-5 स्थित हनुमान मंदिर के पास भाजपा मंडल बालको एवं श्रीमती रश्मि रंजन कश्यप द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
इसके बाद शाम 5:30 बजे अशोक वाटिका में सखी-सहेली महिला समूह द्वारा आयोजित “बचपन की टिकट” कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 6:30 बजे भाजपा युवा मोर्चा एवं कोरबा मंडल द्वारा टीपी नगर चौक में अभिनंदन एवं जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में शाम 7:15 बजे अग्रोहा मार्ग स्थित दुर्गा मंदिर (कोतवाली के पीछे) में मां मनोकामना दुर्गा समिति द्वारा आयोजित तुलादान एवं जन्मोत्सव कार्यक्रम में मंत्री श्री देवांगन शामिल होंगे।
मंत्री के जन्मदिन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है, वहीं विभिन्न मंडलों एवं संगठनों द्वारा भंडारा, पूजन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है।







