Home एक्सीडेंट कोयला लोड ट्रेलर पलटने से बड़ा हादसा: बाइक सवार 3 युवकों की...

कोयला लोड ट्रेलर पलटने से बड़ा हादसा: बाइक सवार 3 युवकों की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

198
0

कोयला लोड ट्रेलर पलटने से बड़ा हादसा: बाइक सवार 3 युवकों की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

 

लोक पल्स न्यूज़ कोरबा :दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर ग्राम नुनेरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि कोयला से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान ओम प्रकाश (30 वर्ष), बृजपाल सिंह (25 वर्ष) और मंगल सिंह (50 वर्ष) निवासी ग्राम पोटापानी के रूप में हुई है। तीनों युवक रोजाना की तरह अपनी बाइक से दीपका खदान काम के लिए जा रहे थे, तभी नुनेरा के पास सामने से आ रहे कोयला लोड ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर में कोयला खुला भरा हुआ था और वाहन तेज रफ्तार में था। टक्कर के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया। बाइक सवारों के शव सड़क पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े मिले।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस दर्दनाक हादसे से आक्रोशित ग्राम पोटापानी और आसपास के ग्रामीणों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर प्रशासन कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिसके चलते लगातार हादसे हो रहे हैं।

चक्काजाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पुलिस द्वारा समझाइश दी जा रही है, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

यह हादसा एक बार फिर कोयला परिवहन में बरती जा रही लापरवाही और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी को उजागर करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या ठोस कदम उठाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here