इतने सुधार के बाद भी सोनालिया चौक पर यातायात बाधित, पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल
लोक पल्स न्यूज़ : शहर के सोनालिया चौक में लगातार लग रहा ट्रैफिक जाम अब आम समस्या बन चुकी है। यातायात सुधार के कई प्रयासों के बावजूद यहां स्थिति में खास सुधार नहीं दिख रहा, जिससे आम जनता की परेशानी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।
रोज़ाना यहां लंबी कतारों में वाहन फंसे रहते हैं, लेकिन स्थिति को नियंत्रित करने में यातायात पुलिस पूरी तरह नाकाम नजर आ रही है। मौके पर अक्सर ट्रैफिक पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी नहीं रहती, जिससे वाहन चालक मनमाने तरीके से गाड़ी चलाते हैं और जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है।
यातायात सुधार के नाम पर किए गए इंतजाम भी जमीनी स्तर पर प्रभावी साबित नहीं हो रहे हैं। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कई चालक नियमों की अनदेखी करते हुए गलत दिशा में वाहन चलाते हैं, जिससे जाम और बढ़ जाता है।
अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण और ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी इस समस्या को और बढ़ा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। जाम के चलते स्कूली बच्चों, मरीजों और कामकाजी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार एम्बुलेंस जैसे जरूरी वाहनों को भी रास्ता नहीं मिल पाता, जिससे स्थिति चिंताजनक हो जाती है।
इसके अलावा, चौक पर बढ़ती भीड़ और अनियंत्रित यातायात के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सुधारात्मक कदमों की प्रभावी निगरानी की जाए, अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्रवाई हो और यातायात पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।







