कुएं में गिरे नंदी बैल की बची जान! RCRS टीम और गौ सेवकों ने चलाया सफल रेस्क्यू अभियान
लोकपल्स न्यूज़ | कोरबा
कोरबा के मानिकपुर क्षेत्र में एक नंदी बैल के गहरे कुएं में गिर जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। कुएं में फंसा बैल बाहर निकलने के लिए लगातार संघर्ष कर रहा था। सूचना मिलते ही रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
RCRS के सदस्य मानस, उमेश और राज ने स्थानीय गौ सेवकों के सहयोग से रस्सियों और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद नंदी बैल को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे और टीम का उत्साहवर्धन करते रहे।
जैसे ही नंदी बैल सुरक्षित बाहर निकला, लोगों ने राहत की सांस ली और RCRS टीम तथा गौ सेवकों की सराहना की। राहत की बात यह रही कि बैल को कोई गंभीर चोट नहीं आई और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।
RCRS की टीम ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई पशु या वन्यजीव संकट में फंसा दिखाई दे तो स्वयं जोखिम उठाकर उसे बचाने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।








