लोक पल्स न्यूज़ | कोरबा (छत्तीसगढ़)
छात्रों की जीत पर कांग्रेस का जश्न, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल बोले “देश के छात्रों ने मोदी सरकार का घमंड झुका दिया”
कोरबा। NEET-UG परीक्षा से जुड़े घटनाक्रम के बाद कोरबा में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने छात्रों की जीत का जश्न मनाया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं कोरबा विधायक जयसिंह अग्रवाल ने मिठाइयां बांटकर छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई दी। �
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर केंद्र सरकार को झुकने पर मजबूर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ, लेकिन केंद्र सरकार लंबे समय तक जिम्मेदारी से बचती रही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले दिन से ही इस मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री की नैतिक जिम्मेदारी तय करने और उनके इस्तीफे की मांग की थी। संसद से लेकर सड़क तक कांग्रेस ने छात्रों के समर्थन में आंदोलन किया।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की ताकत सबसे बड़ी होती है और छात्रों के संघर्ष ने यह साबित कर दिया है कि युवाओं की आवाज को लंबे समय तक दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान मिठाइयां बांटी गईं और छात्रों की सफलता पर खुशी जताई गई।








