IPL सट्टा गिरोह का भंडाफोड़: सक्ती पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार, लाखों के लेन-देन का खुलासा
लोक प्लस न्यूज़ सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस ने आईपीएल सट्टा के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना सक्ती पुलिस और साइबर टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
मामले में अपराध क्रमांक 196/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर (IPS) के निर्देश पर आईपीएल मैचों के दौरान संचालित अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सतत निगरानी की।
दिनांक 29 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पहली कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी भुपेन्द्र राठौर को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न बेटिंग ऐप्स के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहा था और QR कोड तथा आईडी-पासवर्ड व्हाट्सएप के जरिए अन्य लोगों को उपलब्ध करा रहा था।
आगे की जांच में डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की परत-दर-परत जांच की गई, जिसके बाद अलग-अलग समय पर कार्रवाई करते हुए कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी बैंक खातों और डिजिटल पेमेंट ऐप्स जैसे PhonePe के माध्यम से लाखों रुपए का लेन-देन कर रहे थे। आरोपी पिंटू जायसवाल और संजय केंवट ने अपने बैंक खातों का उपयोग सट्टा रकम के लेन-देन के लिए करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें सट्टा संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
भुपेन्द्र राठौर (28 वर्ष), रानीसागर पारा, सक्ती
चंद्रेशकुमार राठौर (32 वर्ष), नंदौर खुर्द
मुकेश अग्रवाल (46 वर्ष), स्टेशन रोड, सक्ती
पिंटू जायसवाल (24 वर्ष), झूलकदम, सक्ती
संजय केंवट (28 वर्ष), ग्राम गढ़गोढ़ी
मुख्य बिंदु:
संगठित IPL सट्टा गिरोह पर बड़ी कार्रवाई
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क का खुलासा
बैंक और डिजिटल ऐप्स से हो रहा था लेन-देन
अन्य आरोपियों की तलाश जारी








