लोक पल्स न्यूज़ छत्तीसगढ़ कोरबा सच की धड़कन जनता की आवाज
कोरबा में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग का प्रयास, बाइक सवार दो युवकों ने महिला के गले से चेन खींचने की कोशिश
कोरबा शहर के एमपी नगर मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग के प्रयास का मामला सामने आया है। जहाँ बाइक सवार दो युवकों ने टहलने जा रही एक महिला के गले से चेन खींचने की कोशिश की, लेकिन वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। इस दौरान महिला सड़क पर गिर गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर निवासी कांता बनवाल अपनी बेटी के साथ टहलने के लिए घंटाघर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एमपी नगर मुख्य मार्ग पर बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और महिला के गले से चेन खींचने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना में महिला सड़क पर गिर गईं। हालांकि, चेन स्नेचिंग की कोशिश नाकाम रही और दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू की। वहीं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस द्वारा आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस टीम बाइक सवार दोनों युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है। दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है।








