Home छत्तीसगढ़ अभाविप का तेजस्विनी रानी लक्ष्मीबाई युवती सम्मेलन आयोजित, पंच परिवर्तन से दिया...

अभाविप का तेजस्विनी रानी लक्ष्मीबाई युवती सम्मेलन आयोजित, पंच परिवर्तन से दिया सामाजिक बदलाव का संदेश

18
0

लोक पल्स न्यूज़ छत्तीसगढ़ कोरबा सच की धड़कन जनता की आवाज

अभाविप का तेजस्विनी रानी लक्ष्मीबाई युवती सम्मेलन आयोजित, पंच परिवर्तन से दिया सामाजिक बदलाव का संदेश

 

आयुषी साहू बोलीं– नारी अबला नहीं, सबला है; समाज और राष्ट्र निर्माण में युवतियों की भूमिका अहम

 

बैकुंठपुर, कोरिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कोरिया द्वारा तेजस्विनी रानी लक्ष्मीबाई युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में ‘पंच परिवर्तन’ विषय के माध्यम से सामाजिक परिवेश में युवतियों की भूमिका, महिला सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण में युवाओं के योगदान पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व आधारित जीवनशैली एवं स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य को समाज में सकारात्मक बदलाव के प्रमुख आधार के रूप में प्रस्तुत किया गया।

 

सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि पंच परिवर्तन केवल विचारों तक सीमित नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। सामाजिक समरसता के तहत जाति, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर समानता एवं बंधुत्व की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया। वहीं कुटुंब प्रबोधन के माध्यम से परिवार को संस्कार और राष्ट्र निर्माण की पहली पाठशाला बताया गया।

इस अवसर पर अभाविप की बैकुंठपुर नगर मंत्री आयुषी साहू ने कहा कि “नारी अबला नहीं, सबला है।” उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। युवतियों को अपनी प्रतिभा और क्षमता पर विश्वास रखते हुए आत्मनिर्भर बनना चाहिए और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत जल बचाने, वृक्षारोपण करने और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाने की अपील की गई। वहीं स्वदेशी एवं स्व आधारित जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय उत्पादों के उपयोग, कुटीर उद्योगों और स्थानीय रोजगार को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। नागरिक कर्तव्यों के तहत यातायात नियमों का पालन, स्वच्छता, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और कानून का सम्मान करने का संदेश भी दिया गया।

 

सम्मेलन में युवाओं से अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और पंच परिवर्तन के किसी एक आयाम को अपनाकर उसकी शुरुआत करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि व्यक्ति के आचरण में बदलाव से परिवार, समाज और राष्ट्र में व्यापक परिवर्तन की नींव रखी जा सकती है।

 

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कोरिया जिला के सह जिला संघचालक नरेश सोनी, अभाविप जिला संगठन मंत्री अशोक यादव, जिला संयोजक बलबीर पुषाम, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संगीता सिंह, नगर मंत्री आयुषी साहू, नगर सह मंत्री आकांक्षा सिंह, माही पंकज, अमृता सिंह, अलका सिंह, सिद्धार्थ साहू, सुयश यादव, रिया गुप्ता, नैना, अंकिता सिंह, आफरीन, रूपाली पड़वार, खुशी रजवाड़े, अनिल साहू, धर्मेंद्र यादव, विवेक पटेल, एनी काशी, महेश कौशिक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सम्मेलन के समापन पर पंच परिवर्तन को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here