लोक पल्स न्यूज छत्तीसगढ़ कोरबा सच की धड़खन जनता की आवाज़
घर के आंगन में पहुंचा दुर्लभ पैंगोलिन, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
कोरबा। ग्राम पाली पढ़निया में देर रात एक दुर्लभ एवं संरक्षित वन्यजीव भारतीय पैंगोलिन घर के आंगन में पहुंच गया। रात करीब 12:30 बजे रामरतन सिंह कंवर के घर के आंगन में पैंगोलिन को घूमते हुए देखा गया। परिवार और ग्रामीणों ने वन्यजीव को पकड़ने या नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने पर वनमंडलाधिकारी कोरबा जितेंद्र उपाध्याय के निर्देश और उप वनमंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा के मार्गदर्शन में नोवा नेचर के जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक पैंगोलिन का सुरक्षित रेस्क्यू किया। आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उपयुक्त प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में गांव के निखिल कंवर, गजेंद्र कंवर, मनीष, रामरतन, सत्यम और सुशील कंवर ने वन विभाग और रेस्क्यू टीम को विशेष सहयोग दिया।
वन विभाग के अनुसार भारतीय पैंगोलिन (Manis crassicaudata) एक संरक्षित वन्यजीव है और वन पारिस्थितिकी तंत्र में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर, खेत या जंगल के आसपास कोई वन्यजीव दिखाई देने पर उसे पकड़ने या छेड़ने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
उप वनमंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा ने बताया कि भारतीय पैंगोलिन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में सूचीबद्ध है। इसके शिकार, अवैध कब्जे और व्यापार पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।








