लोक पल्स न्यूज छत्तीसगढ़ कोरबा सच की धड़कन जनता की आवाज
जांजगीर-चांपा में आकाशीय बिजली का कहर, अलग-अलग हादसों में 4 की मौत, 3 घायल
जांजगीर-चांपा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले में अलग-अलग जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने से कुल 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हुए हैं। बलौदा के महुदा में बारिश से बचने के लिए झोपड़ी में रुके लोगों पर अचानक आकाशीय बिजली कहर बनकर गिरी। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक बलौदा थाना क्षेत्र के महुदा में शनिवार शाम बारिश के दौरान कुछ लोग बचने के लिए एक झोपड़ी में रुके हुए थे। इसी दौरान अचानक झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में नरेश खैरवार, रामभरोश पटेल और तुलसी राम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हादसे में अंजू पटेल, दुलारा बाई और बैशाखू खैरवार घायल हुए हैं। तीनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इधर अकलतरा क्षेत्र में भी आकाशीय बिजली ने एक व्यक्ति की जान ले ली। सीसीआई के पास गाज गिरने से 55 वर्षीय दूजराम जाटवर की मौत हो गई। एक ही शाम जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए इन हादसों से हड़कंप मच गया।
एक ही दिन में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार लोगों की मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल है। घटनाओं की सूचना मिलने के बाद बलौदा और अकलतरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसों से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।








