लोक पल्स न्यूज छत्तीसगढ़ कोरबा सच की धड़कन जनता की आवाज
रक्षाबंधन पर बहन का इंतजार करते रहे भाई… इधर सेप्टिक टैंक में दफन था मौत का राज!
लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप, बदबू ने खोला खौफनाक राज
कोरबा। रक्षाबंधन का दिन… भाई अपनी बहन के आने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन बहन मायके नहीं पहुंची। फोन और तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो भाइयों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
कई दिन बाद घर के पीछे से उठती तेज बदबू ने परिजनों को ऐसा राज दिखाया, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया।
मामला श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली का है।
यहां करीब दो साल से लिव-इन में रह रही 33 वर्षीय संतोषी की मौत के मामले में उसके पार्टनर मनोज उरांव पर हत्या का आरोप लगा है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। आरोप है कि मारपीट के बाद संतोषी की मौत हो गई। इसके बाद उसके शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में डालकर छिपा दिया गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि परिजनों के पूछने पर आरोपी ने संतोषी के कहीं चले जाने की बात कही।
लेकिन 19 सितंबर को सेप्टिक टैंक से उठती बदबू ने शक को और गहरा कर दिया।
परिजन मौके पर पहुंचे तो टैंक का ढक्कन आधा खुला मिला। सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में टैंक खुलवाया गया।
अंदर से सड़ी-गली लाश बरामद हुई।
शव की पहचान संतोषी के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के जरिए मौत की वजह और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा रही है।
वहीं, घटना के बाद से आरोपी मनोज उरांव फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
रक्षाबंधन पर बहन के घर नहीं पहुंचने से शुरू हुई तलाश… और आखिरकार सेप्टिक टैंक से निकला ऐसा राज, जिसने परिवार के साथ पूरे गांव को झकझोर दिया।








