Home ब्लॉग उद्योग मंत्री ने किया 91.21 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, वार्डों...

उद्योग मंत्री ने किया 91.21 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, वार्डों को मिलेगी सड़क और नाली की सौगात

27
0

 

 

उद्योग मंत्री ने किया 91.21 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, वार्डों को मिलेगी सड़क और नाली की सौगात

कोरबा। नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने शुक्रवार को पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन अंतर्गत एसबीएस कॉलोनी एवं गायत्री नगर में 91 लाख 21 हजार रुपये की लागत से होने वाले छह विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में सड़क, नाली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और नागरिकों को आवागमन में राहत मिलेगी।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरों के बड़े विकास कार्यों के साथ-साथ वार्डों की छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता दे रही है। नगर के सभी वार्डों में बेहतर सड़क और व्यवस्थित नाली निर्माण के लिए लगातार राशि स्वीकृत की जा रही है।

वहीं महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम के सभी 67 वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। लक्ष्य है कि प्रत्येक वार्ड की समस्याओं का निराकरण कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

भूमिपूजन किए गए छह कार्यों में वार्ड क्रमांक 27 महाराणा प्रताप नगर में शिव मंदिर के सामने सीसी रोड निर्माण, वार्ड 28 में सामुदायिक भवन के पीछे नाली एवं पेवर ब्लॉक निर्माण तथा कैरियर पब्लिक स्कूल के पास सड़क निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा वार्ड 30 गायत्री नगर में विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण, वार्ड 28 की कुआंभट्टा बस्ती में मेहंदीपुर बालाजी हनुमान मंदिर के पास नाली निर्माण और वार्ड 29 में कंक्रीटीकरण, सीसी रोड एवं नालियों पर कवर निर्माण कराया जाएगा।

इन सभी छह कार्यों पर कुल 91.21 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

शनिवार को भी 1.73 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

नगर में विकास कार्यों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को भी दो स्थानों पर भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन में विजय अपार्टमेंट के पास दोपहर 3 बजे 75.20 लाख रुपये तथा कोसाबाड़ी जोन के दादर चौक सामुदायिक भवन के पास शाम 4 बजे 98.15 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित है। दोनों स्थानों पर कुल 1 करोड़ 73 लाख 35 हजार रुपये के विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद धनकुमारी गर्ग, वर्षा वैष्णव, सिमरन कौर, मुकुंद कंवर, नारायण कुर्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here