Home बिलासपुर सरस्वती महाविद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, डिजिटल पोर्टल का लोकार्पण

सरस्वती महाविद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, डिजिटल पोर्टल का लोकार्पण

37
0

सरस्वती महाविद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोहआयोजित,डिजिटल पोर्टल का लोकार्पण

बिलासपुर। सरस्वती महाविद्यालय, कोनी में 28 अक्टूबर 2026 को प्रतिभा सम्मान एवं डिजिटल पोर्टल लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की वेबसाइट और ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में शामिल विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रजनेश सिंह ने की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक नारायण नामदेव मुख्य वक्ता तथा महर्षि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नरेश कुमार तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा सरस्वती क्रीड़ा परिषद छत्तीसगढ़ एवं सरस्वती महाविद्यालय, कोनी के अध्यक्ष ब्रजेंद्र शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और महाविद्यालय की वेबसाइट एवं ऑनलाइन पोर्टल का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की ओर से संस्थान की प्रगति से संबंधित जानकारी भी प्रस्तुत की गई।

राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में शामिल विद्यार्थियों का सम्मान

प्रतिभा सम्मान समारोह के अंतर्गत इसरो के ई-लर्निंग कार्यक्रम के तहत आयोजित परीक्षा में शामिल सात विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं, भारतीय ज्ञान परंपरा पाठ्यक्रम के अंतर्गत भारतीय ज्ञान प्रणाली संस्थान एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘भारत बौद्धिकस 1.0’ की राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में शामिल कुल 123 विद्यार्थियों में से 20 विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

शिक्षा, तकनीक और संस्कार पर हुई चर्चा

कार्यक्रम में अतिथियों ने शिक्षा, तकनीकी विकास, भारतीय संस्कृति और संस्कारों के महत्व पर विचार रखे। मुख्य अतिथि संजय अग्रवाल ने डिजिटल पोर्टल की शुरुआत को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पहल बताया। कार्यक्रम अध्यक्ष रजनेश सिंह ने युवाओं को तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने और जीवन में अनुशासन को प्राथमिकता देने की बात कही।

मुख्य वक्ता नारायण नामदेव ने शिक्षा के साथ संस्कारों के समन्वय पर जोर दिया। वहीं, विशिष्ट अतिथि डॉ. नरेश कुमार तिवारी ने आधुनिक शिक्षा और भारतीय ज्ञान परंपरा के बीच समन्वय को महत्वपूर्ण बताया।

महाविद्यालय परिवार के सदस्य रहे उपस्थित

कार्यक्रम में महाविद्यालय के अध्यक्ष ब्रजेंद्र शुक्ला, सचिव संतोष तिवारी, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र गुम्बर, प्राचार्य डॉ. सोमेन ब्रह्मा और उप प्राचार्य अजय तिवारी उपस्थित रहे। इनके अलावा हिमांशु यादव, नीतू साहू, आकांक्षा अवस्थी शर्मा, श्रीमती मनीषा देवांगन, विष्णु पाण्डेय, संगीता यादव, काजल तेवलकर, नरेंद्र कुमार राजपूत और विनोद सिंह ठाकुर सहित महाविद्यालय परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन गौरी शंकर कटकारी ने किया। अंत में महाविद्यालय के अध्यक्ष ब्रजेंद्र शुक्ला ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ समारोह का समापन हुआ।

बिलासपुर से वेंकटेश राव की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here