Home कोरबा नालियां जाम, कचरे के ढेर और बदबू से बेहाल मुड़ापार, कांग्रेस ने...

नालियां जाम, कचरे के ढेर और बदबू से बेहाल मुड़ापार, कांग्रेस ने किया हल्लाबोल

5
0

लोकपल्स न्यूज़ छत्तीसगढ़ कोरबा सच की धड़कन जनता की आवाज

नालियां जाम, कचरे के ढेर और बदबू से बेहाल मुड़ापार, कांग्रेस ने किया हल्लाबोल

सफाई व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस नेताओं और वार्डवासियों ने किया श्रमदान, खुद साफ की नालियां

कोरबा। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 मुड़ापार में बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने निगम प्रशासन के खिलाफ हल्लाबोल आंदोलन किया। वार्ड में जगह-जगह जाम नालियां, कचरे के ढेर और दुर्गंध से परेशान नागरिकों की समस्याओं को उठाते हुए कांग्रेस नेताओं एवं वार्डवासियों ने श्रमदान कर नालियों की सफाई की और जमा कचरे को एकत्रित किया।

इस दौरान कोरबा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, जिला कांग्रेस महामंत्री रवि सिंह चंदेल, वार्ड पार्षद गोपाल कुर्रे, पार्षद सुखसागर निर्मलकर, बद्री किरण, सुभाष राठौर और पार्षद प्रतिनिधि अविनाश बंजारे सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

निगम की सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी शहरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है। यदि लोगों को अपने मोहल्ले की जाम नालियां और कचरे के ढेर खुद साफ करने पड़ें, तो यह सफाई व्यवस्था और प्रशासन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि निगम के पास सफाई कर्मचारी और संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद वार्डवासी गंदगी और दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर हैं। कांग्रेस का श्रमदान निगम प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी याद दिलाने का प्रयास है।

विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग

कांग्रेस ने निगम अधिकारियों से वार्ड क्रमांक 29 में विशेष सफाई अभियान चलाने, सभी नालियों की गहराई से सफाई कराने, जमा कचरे का तत्काल उठाव करने और नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही नालियों की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया।

मुकेश राठौर ने कहा कि केवल अभियान चलाकर औपचारिकता पूरी करने से नागरिकों को स्थायी राहत नहीं मिलेगी। इसके लिए नियमित सफाई और प्रभावी निगरानी जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सफाई व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो कांग्रेस निगम प्रशासन के खिलाफ चरणबद्ध जनआंदोलन करेगी।

बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने लिया हिस्सा

श्रमदान में वार्डवासी आंगन बाई महंत, संजीदा बेगम, गुलाब महंत, फिरमती साहू, चुन्नी श्रीवास, विजय जायसवाल, अभिषेक गोयल, राजू चौहान, सूरज गुप्ता, रामगोपाल साहू, विश्वनाथ घोष, ननकी यादव, धनीराम साहू, शंकर बरेठ, रवि निषाद, मनीष साहू, पूर्णिमा राज, देवला यादव, अमित साहू और गेंदराम सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी निभाई।

कांग्रेस ने कहा कि स्वच्छता किसी राजनीतिक दल तक सीमित मुद्दा नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा विषय है। नगर निगम की जिम्मेदारी है कि वार्डवासियों को नियमित सफाई और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here