लोकपल्स न्यूज़ छत्तीसगढ़ कोरबा सच की धड़कन जनता की आवाज
कनकी स्कूल के पूर्व प्रभारी प्राचार्य पर गबन और शिक्षकों को प्रताड़ित करने का आरोप, SMDC सदस्यों ने की कार्रवाई की मांग
हेडिंग: फर्जी हस्ताक्षर कर 25 हजार रुपये आहरण करने का आरोप, शाला शुल्क के दुरुपयोग की भी शिकायत
कोरबा। जिले के ग्राम कनकी स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के पूर्व प्रभारी प्राचार्य बी.एन. यादव के खिलाफ शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (SMDC) के सदस्यों ने गंभीर आरोप लगाते हुए जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। समिति के सदस्यों ने जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत सौंपकर कथित वित्तीय अनियमितता, फर्जी हस्ताक्षर कर राशि आहरण, शाला शुल्क के दुरुपयोग और शिक्षकों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता रामायण राजवाड़े सहित अन्य SMDC सदस्यों का आरोप है कि पूर्व प्रभारी प्राचार्य बी.एन. यादव ने समिति की अनुमति के बिना अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के कथित फर्जी हस्ताक्षर कर RMSA मद की राशि आहरित की। आरोप है कि स्थायी प्राचार्य की नियुक्ति के बाद भी जुलाई 2025 में फर्जी हस्ताक्षर के जरिए 25 हजार रुपये निकाले गए। इसके अलावा, शाला शुल्क की राशि का उचित उपयोग नहीं करने और बिना आवश्यक सामग्री खरीदे बिल-वाउचर लगाकर राशि के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में विद्यालय परिसर में तंबाकू एवं गुड़ाखू का सेवन करने, शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही बरतने और विद्यालय समय में चपरासी एवं अन्य शिक्षकों के साथ शतरंज खेलने का भी आरोप लगाया गया है। वहीं, महिला शिक्षिका सहित अन्य शिक्षकों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की शिकायत भी की गई है।
SMDC सदस्यों का दावा है कि उनके पास कथित अनियमितताओं से संबंधित वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध हैं, जिन्हें जांच के दौरान प्रस्तुत किया जा सकता है। समिति के सदस्यों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वित्तीय अभिलेखों एवं बैंक लेन-देन की जांच करने तथा आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं ने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए संबंधित शिक्षक को तत्काल निलंबित करने और विद्यालय से हटाने की मांग भी की है। हालांकि, मामले में संबंधित पूर्व प्रभारी प्राचार्य का पक्ष सामने आना बाकी है।








