लोक पल्स न्यूज़ छत्तीसगढ़ कोरबा सच की धड़कन जब तक की आवाज
नगर निगम की बदहाल सड़कों के खिलाफ युवा कांग्रेस का जंगी प्रदर्शन, पुलिस से हुई झूमाझटकी
कोसाबाड़ी। नगर निगम क्षेत्र में बदहाल सड़कों, जलभराव, नालियों की समस्या और साफ-सफाई सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व लोकसभा युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्याम नारायण सोनी ने किया, जबकि आम आदमी पार्टी ने भी प्रदर्शन को समर्थन दिया।
पूर्व घोषणा के अनुसार सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक कोसाबाड़ी में एकत्रित हुए और नगर निगम कार्यालय का घेराव करने के लिए रवाना हुए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने रास्ते में बैरिकेडिंग की।
बैरिकेडिंग पार करने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तनातनी की स्थिति बनी रही, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और गहमागहमी का माहौल देखने को मिला।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए श्याम नारायण सोनी ने नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर जनता की मूलभूत समस्याओं के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना था, उस भरोसे को तथाकथित ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ ने पूरी तरह खंडित कर दिया है।
उन्होंने कहा कि अच्छी सड़क, बेहतर नाली व्यवस्था, जलभराव से मुक्ति और साफ-सफाई आम नागरिकों का अधिकार है। नगर निगम नागरिकों से विभिन्न मदों में टैक्स वसूल करता है, इसलिए शहरवासियों को सुरक्षित और बेहतर सड़क उपलब्ध कराना निगम की जिम्मेदारी है।
श्याम नारायण सोनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि खराब सड़कों के कारण किसी नागरिक की दुर्घटना में मृत्यु होती है, तो नगर निगम से नियमानुसार मुआवजे की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
युवा कांग्रेस ने सड़क, नाली, जलभराव और साफ-सफाई जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में अभय तिवारी, शहजाद आलम, मधुसूदन दास, दीपक कुमार वर्मा, मनमोहन राठौर, आनंद सिंह, लहन सिंह, आजाद बक्स, नियाज खान, सीताराम चौहान, अंकित श्रीवास्तव, अदनान मेमन, शैलेंद्र कुर्रे, संजय कुमार, दीपक दास महंत, प्रहलाद साहू, अविनाश केसरवानी, मोनू ठाकुर, दिवाकर राजपूत, मयंक अग्रवाल, अनिकेत यादव, संजय पटेल, प्रियांशु सिंह, आकाश राज, पंकज सोनी, जितेंद्र राठौर, रवि कुमार सोनी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।








