Home ब्रेकिंग न्यूज़ मीटर अपडेट के नाम पर ठगी का नया जाल बिलासपुर पुलिस...

मीटर अपडेट के नाम पर ठगी का नया जाल बिलासपुर पुलिस ने जारी की चेतावनी, फर्जी लिंक और ऐप से रहें सावधान

131
0

मीटर अपडेट के नाम पर ठगी का नया जाल

बिलासपुर पुलिस ने जारी की चेतावनी, फर्जी लिंक और ऐप से रहें सावधान

लोक पल्स न्यूज़ बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। जिले में इन दिनों साइबर ठग बिजली उपभोक्ताओं को निशाना बनाकर “मीटर अपडेट” या “मीटर बदलवाने” के नाम पर ठगी का नया जाल बिछा रहे हैं। इस संबंध में बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार ठग उपभोक्ताओं के मोबाइल पर मैसेज भेजते हैं, जिसमें बिजली मीटर अपडेट करने या कनेक्शन बंद होने की चेतावनी दी जाती है। मैसेज के साथ एक संदिग्ध लिंक या APK फाइल भेजी जाती है और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है या ऐप डाउनलोड करता है, ठग उसके मोबाइल और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बना लेते हैं और खाते से पैसे निकाल लेते हैं।

बिलासपुर पुलिस और बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ विद्युत विभाग कभी भी मीटर अपडेट या बदलवाने के नाम पर किसी उपभोक्ता को लिंक, APK या ऐप डाउनलोड करने के लिए नहीं कहता। ऐसे सभी संदेश साइबर अपराध का हिस्सा हो सकते हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई मामलों में ठग फोन कर लोगों को डराते हैं कि अगर तुरंत मीटर अपडेट नहीं कराया गया तो उनका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा। घबराहट में आकर कई लोग उनकी बातों में आ जाते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं।

इन बातों का रखें विशेष ध्यान

• अज्ञात नंबर से आए मीटर अपडेट या बदलवाने के मैसेज या कॉल पर भरोसा न करें।

• किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और कोई APK या ऐप डाउनलोड न करें।

• OTP, बैंक डिटेल या UPI जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

• किसी भी प्रकार की शंका होने पर नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल से संपर्क करें।

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार के फर्जी मैसेज और कॉल से सावधान रहें तथा दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि साइबर ठगी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here