कोरबा में अक्षय गर्ग हत्याकांड: जांच अंतिम चरण में, पांच संदिग्धों की संलिप्तता सामने आई
Samachar Chhattisgarh Korba.कोरबा जिले के भाजपा नेता एवं जनपद सदस्य अक्षय गर्ग की धारदार हथियार से की गई नृशंस हत्या के मामले में पुलिस जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। आईजी डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी स्वयं कटघोरा थाना क्षेत्र के जटगा पुलिस सहायता केंद्र में कैंप कर जांच की निगरानी कर रहे हैं
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक कुल पांच लोगों की संलिप्तता सामने आई है। टंगिया से जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत में है। वहीं, उसके साथ वाहन में मौजूद रहे और चाकू से हमला करने वाले तीन अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है
इसके अलावा, हत्या की साजिश रचने वाले एक प्रमुख आरोपी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वारदात में प्रयुक्त वाहन को पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया है। जांच के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिससे पूरे मामले की कड़ियां जुड़ती नजर आ रही हैं
हालांकि पुलिस की ओर से अब तक आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन जांच की प्रगति को देखते हुए माना जा रहा है कि जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़ा पूरा घटनाक्रम सार्वजनिक किया जाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है







