नशे में स्कूल बस दौड़ाना पड़ा भारी! सेंट जेवियर्स स्कूल बस की टक्कर से घायल बुजुर्ग की मौत, , स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल
लोक पल्स न्यूज़ कोरबा
कोरबा। कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे ने दुखद मोड़ ले लिया है। सेंट जेवियर्स स्कूल की बस की चपेट में आए बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल बस चालक गोरे लाल बच्चों को घर छोड़ने के बाद बस लेकर स्कूल लौट रहा था। इसी दौरान मानिकपुर में सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस चालक शराब के नशे में था तथा तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद लोगों ने चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बस क्रमांक CG 12 BM 6338 को जब्त कर लिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बुजुर्ग की मौत के बाद मामले में संबंधित धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी और बस संचालन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सभी स्कूल बस चालकों की नियमित मेडिकल जांच, शराब परीक्षण और फिटनेस जांच अनिवार्य की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।








