कोरबा में कांग्रेस का प्रदर्शन: अयोध्या श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
कोरबा लोक पल्स न्यूज़
अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने सोमवार को टीपी नगर चौक, कोरबा में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और ट्रस्ट पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि पूरे मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि ट्रस्ट के जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर में देश-विदेश के श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धापूर्वक चढ़ाया गया दान करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है और यदि उसमें गड़बड़ी हुई है तो दोषियों पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने मांग की कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय सहित अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका की जांच कर दोष सिद्ध होने पर उनके विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज की जाए।
पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने आरोप लगाया कि कथित रूप से सामने आए आर्थिक अनियमितताओं जैसे चढ़ावे, चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं से जुड़े मामलों में केवल छोटे कर्मचारियों की संलिप्तता मान लेना उचित नहीं है। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी ने कहा कि देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर समय-समय पर चढ़ावे और मंदिर संपत्ति से जुड़े विवाद सामने आए हैं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। वहीं ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने भाजपा से इस मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, प्रदेश सचिव विकास सिंह, बी.एन. सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष सपना चौहान, रेखा त्रिपाठी, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, पार्षद एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








