रतनपुर NH पर पुल धंसा, बीच पुल में फंसी यात्री बस; दर्जनों यात्रियों की सूझबूझ से बची जान
लोक पल्स न्यूज़ छत्तीसगढ़
बिलासपुर से के वेंकटेश राव की रिपोर्ट
बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बांसा झाल स्थित रतनपुर नेशनल हाईवे पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पेंड्रा से बिलासपुर आ रही पुष्पराज यात्री बस पुल से गुजरते समय बीच पुल में फंस गई। पुल का एक हिस्सा अचानक धंस जाने से बस का अगला हिस्सा नीचे की ओर झुक गया। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
वीओ-1:
जानकारी के अनुसार, पुष्पराज बस पेंड्रा से बिलासपुर की ओर आ रही थी। जैसे ही बस बांसा झाल स्थित पुल पर पहुंची, पुल के बीच अचानक दरार आ गई और उसका एक हिस्सा धंस गया। इससे बस पुल के बीचों-बीच फंस गई। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
वीओ-2:
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते राहत कार्य होने से बड़ा हादसा टल गया।
पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण रतनपुर नेशनल हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल की तत्काल तकनीकी जांच कराने, शीघ्र मरम्मत शुरू करने और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की है।
घटना की सूचना संबंधित विभाग और प्रशासन को दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।








