सक्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 160 लीटर अवैध महुआ शराब जप्त, 4 आरोपी गिरफ्तार
लोक प्लस न्यूज़ सक्ती। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सक्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरणों में 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 160 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब जप्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 32 हजार रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जोंगरा स्थित कांटाझरिया पहाड़ में अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए संग्रहित की गई है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देवदत जायसवाल, रविशंकर सिदार, ओम प्रकाश साहू और भुपेन्द्र जायसवाल को गिरफ्तार किया। वहीं कुछ आरोपी पुलिस को देखकर जंगल और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार देवदत जायसवाल एवं रविशंकर सिदार के कब्जे से 60 लीटर, ओम प्रकाश साहू के पास से 45 लीटर तथा भुपेन्द्र जायसवाल के कब्जे से 55 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त की गई। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 42 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
कार्रवाई में सउनि नीलमणी कुसुम, चित्रांगद चंद्रा, प्रधान आरक्षक उमेश साहू, शब्बीर मेमन, गौरसिंह कंवर, सतीश यादव, दीपक बंजारे एवं प्रमोद खाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








