लोकपल्स न्यूज़ छत्तीसगढ़ कोरबा क्या हो गया सच की धड़कन जनता की आवाज
आईटीआई रामपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यशाला, प्रशिक्षणार्थियों को बताए यातायात के नियम
कोरबा। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र (आईटीआई) रामपुर, कोरबा में 25 मई 2026 को एक दिवसीय सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम के तहत विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित वाहन संचालन के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना रहा।
कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को सड़क पर वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरे लोगों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।
इसके साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट की अनिवार्यता, वाहन चलाते समय यातायात संकेतों का पालन करने और सड़क पर जल्दबाजी से बचने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षणार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और दुर्घटनाओं से बचने के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में RTO अतुल असैया, सत्यानंद जांगड़े, प्रदीप सिंह एवं तेज सिंह, मोटर ड्राइविंग स्कूल के संचालक तथा आईटीआई के प्रशिक्षण अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों से यातायात नियमों को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करने और परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यशाला में प्रशिक्षणार्थियों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के अंत में सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए नियमों का पालन करने तथा सड़क पर जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने का संदेश दिया गया। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।








