कोरबा–चांपा हाईवे पर मौत का तांडव! दो बाइकों की भिड़ंत के बाद भीड़ में घुसी तेज रफ्तार कार, एक की मौत और 6 से ज्यादा घायल
कोरबा–चांपा हाईवे पर मौत का तांडव!
कोरबा–चांपा हाईवे पर शनिवार देर रात एक के बाद एक हुए हादसों से हड़कंप मच गया। उरगा थाना क्षेत्र के नवलपुर के पास दो बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार भीड़ में जा घुसी, जिसकी चपेट में आने से छह से अधिक लोग घायल हो गए।
लगातार दो हादसों के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। सड़क पर घायलों को लेकर लोग परेशान नजर आए। इसी बीच मौके पर मारपीट की घटना भी सामने आई, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में इन दिनों दशहरा पर्व के आयोजन जारी हैं। इसके चलते विभिन्न स्थानों पर लोगों की भीड़ जुट रही है और सड़कों पर आवाजाही भी बढ़ी हुई है। ऐसे में कोरबा–चांपा हाईवे पर नवलपुर के पास हुए इस हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया।
एक युवक की मौत और आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरातफरी बनी रही। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर भी चर्चाएं होती रहीं।
लोक पल्स न्यूज़, कोरबा।







