Home ब्रेकिंग न्यूज़ प्रेस कॉन्फ्रेंस में भव्या हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भव्या हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

133
0

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भव्या हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

 

कोरबा जिले के रजगामार में सात साल की मासूम भव्या जोशी के अपहरण और हत्या के मामले में कोरबा पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से खुलासा किया। मासूम के लापता होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। तीन दिनों की तलाश के बाद 22 अक्टूबर को बच्ची का शव जंगल में मिला। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपी अमित चौहान को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच में डॉग स्क्वॉड, सीसीटीवी फुटेज, लास्ट सीन थ्योरी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली गई। पुलिस के मुताबिक, शव बरामद होने के 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

मामला 19 अक्टूबर 2026 का है, जब रजगामार क्षेत्र से सात साल की मासूम भव्या लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की। पुलिस की टीमें लगातार संभावित स्थानों पर खोजबीन करती रहीं। जंगल, झाड़ियों और आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश अभियान चलाया गया।

तलाश अभियान के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली। पुलिस डॉग बाघा के संकेतों सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। आखिरकार 22 अक्टूबर को रजगामार पुरानी बस्ती के पीछे पुराने ईंट-भट्ठे के समीप जंगल में मासूम का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, लास्ट सीन थ्योरी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही अमित चौहान की तलाश तेज की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे बांगो थाना क्षेत्र के सुदूर जंगल से गिरफ्तार कर लिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने मामले की जांच और गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी साझा की।

 

प्रकरण में BNS की धारा 103(1), 66 और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 जोड़ी गई हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

 

सात साल की मासूम भव्या की दर्दनाक मौत ने पूरे कोरबा जिले को झकझोर दिया है। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

 

कोरबा पुलिस — सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।

 

लोक पल्स न्यूज़, कोरबा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here