Home ब्रेकिंग न्यूज़  मासूम के हत्यारे को फांसी दिलाने निःशुल्क कानूनी मदद करेगी टीम: नूतन...

 मासूम के हत्यारे को फांसी दिलाने निःशुल्क कानूनी मदद करेगी टीम: नूतन सिंह ठाकुर

188
0

मासूम के हत्यारे को फांसी दिलाने निःशुल्क कानूनी मदद करेगी टीम: नूतन सिंह ठाकुर

मासूम हत्याकांड में पीड़ित परिवार को कानूनी मदद का ऐलान, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

कोरबा जिले के राजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और निर्मम हत्या की घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य वारदात को लेकर लोगों में आक्रोश है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग उठ रही है। इसी बीच नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद देने का ऐलान किया है। उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और दोषी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि मासूम बच्ची के साथ हुई यह घटना बेहद दर्दनाक और मानवता को शर्मसार करने वाली है। आरोपी की गिरफ्तारी संतोषजनक है, लेकिन अब जरूरी है कि मामले की सुनवाई तेजी से हो और दोषी को कानून के तहत कठोरतम सजा मिले।

उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए अधिवक्ता संघ कोरबा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि शर्मा, महिला उपाध्यक्ष उर्मिला सिंह और सहसचिव रवि भगत के साथ मिलकर एक टीम बनाई जाएगी। यह टीम पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी और मामले में निःशुल्क कानूनी मदद करेगी।

नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि समाज में इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

वहीं, अधिवक्ता संघ कोरबा के वरिष्ठ और महिला अधिवक्ताओं द्वारा आरोपी की पैरवी नहीं करने का निर्णय लिए जाने का भी उन्होंने स्वागत किया।

नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की मांग

कोरबा में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए नूतन सिंह ठाकुर ने नशे के कारोबार को भी एक गंभीर समस्या बताया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि जिले में नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाए। युवाओं तक नशा पहुंचाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके और युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

लोक पल्स न्यूज़, कोरबा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here