श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत हुए शामिल
कोरबा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सर्व यादव समाज द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन थिएटर खेल मैदान, घंटाघर कोरबा से भव्य शोभायात्रा एवं रैली निकाली गई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
मंत्री श्री देवांगन और महापौर श्रीमती राजपूत ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर समाजजनों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शोभायात्रा में बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि यादव समाज का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें सदैव मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से नगर एवं जिले में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और समाज की मांग के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि यादव समाज की मांगों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। बालको शांति नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास भवन के ऊपरी तल का निर्माण, जमनीपाली में सामुदायिक भवन और शारदा विहार अमरैय्यापारा राधाकृष्ण मंदिर के ऊपरी तल के निर्माण एवं विस्तार कार्य के लिए 10-10 लाख रुपये के कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
वहीं वैशाली नगर मिनी स्टेडियम के पास मंच निर्माण एवं कक्ष सहित 10 लाख रुपये का कार्य प्रगतिरत है। इसके अलावा लाटा मेन रोड में सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख रुपये और मानिकपुर यादव मोहल्ले में भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति जल्द मिलने की बात मंत्री ने कही। स्वीकृति के बाद इन कार्यों को भी शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।
मंत्री देवांगन ने कहा कि यादव समाज के विकास और उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आगे भी लगातार प्रयास किए जाएंगे। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करना हमारा संकल्प है।
इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने भी समाजजनों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित भजन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, संरक्षक कमलेश यादव, प्रदेश महामंत्री संतोष यादव, नत्थू लाल यादव, पार्षद नरेंद्र देवांगन, विनोद यादव, महिला प्रकोष्ठ की संरक्षक हारबाई यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष गीता यादव, युवा प्रकोष्ठ के कोरबा जिला अध्यक्ष एवं शोभायात्रा संयोजक रंजू यादव, ममता यादव, पार्षद सुलोचना यादव, एल्डरमैन श्रीमती सुभद्रा यादव, अनूप यादव, ओम यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के सम्माननीय जन उपस्थित रहे।








