शराब के नशे में पत्नी की हत्या की आशंका! 32 वर्षीय महिला की मौत, पति हिरासत में
उरगा थाना क्षेत्र के भैसामुड़ा गांव की घटना, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
कोरबा | लोक पल्स न्यूज़
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भैसामुड़ा से एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब के नशे में पति द्वारा पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतका की पहचान 32 वर्षीय अगहन बाई धनवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से मड़वारानी गांव की निवासी थीं और पिछले कुछ दिनों से अपने मामा के गांव भैसामुड़ा में रह रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के पति परदेसी धनवार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








