कुदुरमाल पुल की जर्जर हालत से जनता बेहाल, प्रशासन की लापरवाही उजागर – आम आदमी पार्टी
लोक पल्स न्यूज़
कोरबा। कोरबा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर स्थित कुदुरमाल पुल की अत्यंत जर्जर स्थिति के कारण आवागमन पूर्णतः बंद हो गया है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी इस गंभीर मुद्दे को लेकर प्रशासन और सरकार की घोर लापरवाही की कड़ी निंदा करती है।
आप नेताओं ने बताया कि पुल के बंद होने के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, मरीजों और विद्यार्थियों को सैकड़ों किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। यह स्थिति न केवल समय और आर्थिक संसाधनों की बर्बादी कर रही है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं को भी प्रभावित कर रही है, जिससे किसी भी समय बड़ी जनहानि की आशंका बनी हुई है।
आम आदमी पार्टी का आरोप है कि लंबे समय से पुल की खराब स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा प्रशासन को अवगत कराया जाता रहा है, लेकिन इसके बावजूद न तो समय पर मरम्मत की गई और न ही कोई वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई। यह सरकार की संवेदनहीनता और विफलता का स्पष्ट प्रमाण है।
पार्टी की मांग है कि कुदुरमाल पुल की तत्काल मरम्मत या पुनर्निर्माण कार्य शुरू किया जाए। जब तक पुल पूरी तरह चालू नहीं होता, तब तक वैकल्पिक मार्ग या अस्थायी पुल की व्यवस्था की जाए।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।








