कोरबा में विशाल किंग कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू, भारी बारिश के बीच वन विभाग और RCRS की संयुक्त कार्रवाई
लोक पल्स न्यूज़ वर्षा ऋतु की शुरुआत के साथ जंगलों से निकलकर आबादी और सड़कों की ओर आने वाले वन्य जीवों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। इसी कड़ी में कोरबा वन मंडल के पसरखेत वन परिक्षेत्र में एक विशाल किंग कोबरा के मुख्य सड़क पर पहुंचने से लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और सर्प संरक्षण संस्था की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर किंग कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।
कोरबा वन मंडल के पसरखेत वन परिक्षेत्र अंतर्गत कोरबा–हाटी मुख्य मार्ग के किनारे बहने वाले नाले के पास झाड़ियों से निकलकर एक विशालकाय किंग कोबरा सड़क पार करता हुआ दिखाई दिया। सांप को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई तथा कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा
घटना की जानकारी मिलते ही वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश और उपवन मंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। किंग कोबरा सड़क किनारे होने के कारण उसके घायल होने और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सर्प संरक्षण संस्था RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) के विशेषज्ञ श्री अविनाश यादव और उनकी टीम को भी बुलाया गया
वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने सभी सुरक्षा मानकों (SOP) का पालन करते हुए करीब 50 मीटर तक सुरक्षा घेरा बनाया और भीड़ को दूर रखा। भारी बारिश के बीच लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद विशाल किंग कोबरा का सफलतापूर्वक सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण में सांप पूरी तरह स्वस्थ पाया गया, जिसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास के समीप सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू अभियान के बाद वन विभाग और RCRS की टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि किंग कोबरा सहित किसी भी वन्यजीव या जहरीले सर्प को नुकसान न पहुंचाएं। ऐसे जीव दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके और जनहानि की आशंका भी टाली जा सके। ग्रामीणों और वन प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी वन्यजीव संरक्षण में सहयोग करने का संकल्प लिया।
पूरे रेस्क्यू अभियान के दौरान परिक्षेत्राधिकारी देवदत्त खांडे, अशोक कुमार यादव, वनरक्षक सरोता बंजारे, हरिनारायण बंजारे सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और RCRS की टीम मौजूद रही। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में किसी भी वन्यजीव या जहरीले सर्प के दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।








