चर्चित सर्राफा व्यापारी की लूट एवं गोली मारकर हत्या मामले में
नया मोड़ आया थाने में जुर्म दर्ज
सुहैल आलम की रिपोर्ट
गौरेला पेंड्रा मरवाही
लोक पल्स न्यूज़ कोरबा पेंड्रा नगर के चर्चित सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी लूट एवं गोली मारकर हत्या मामले में एक नया और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। मृतक प्रदीप सोनी के छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप संदेश भेजकर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।
व्हाट्सएप संदेश में भेजने वाले व्यक्ति ने लिखा है कि
“प्रदीप कुमार सोनी की गोली मारकर हत्या मैंने की है, जो उखाड़ते बने उखाड़ लेना।”
संदेश की भाषा धमकी भरी होने के साथ-साथ पुलिस जांच को चुनौती देने वाली भी बताई जा रही है। संदेश प्राप्त होने के बाद मृतक के परिजनों में एक बार फिर डर का माहौल बन गया है।
मृतक के छोटे भाई मनोज सोनी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पेंड्रा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में अज्ञात मोबाइल नंबर से प्राप्त व्हाट्सएप संदेश का उल्लेख करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।।।।
वही शिकायत के आधार पर पेंड्रा पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ अपराध क्रमांक 0170/26 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 तथा 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब संबंधित मोबाइल नंबर, संदेश भेजने वाले व्यक्ति की पहचान तथा उसके लोकेशन संबंधी तकनीकी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संदेश भेजने वाला व्यक्ति वास्तव में हत्या में शामिल है या फिर जांच को प्रभावित करने एवं परिजनों को डराने के उद्देश्य से यह संदेश भेजा गया है।।।
बतला दे कि सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या का मामला क्षेत्र में काफी चर्चित रहा है।हालांकि मामले में पुलिस ने 3 लोगो को पहले गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि एक अन्य आरोपी को झारखण्ड से बिहार STF व छत्तीसगढ़ पुलिस की विशेष टीम ने गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ कर रही है।जबकि मामले में अन्य आरोपी फरार है जिसके लिए पुलिस लगातार संदिग्ध ठिकानों में दबिश दे रही है।।ऐसे में हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले इस मोबाइल व्हाट्सएप संदेश के सामने आने के बाद पुलिस की जांच भी महत्वपूर्ण हो गई है।









