जिले में गैस वितरण व्यवस्था पर सख्ती, कलेक्टर-एसपी की बड़ी बैठक
लोक प्लस न्यूज़ : कोरबा जिले में घरेलू रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति, पारदर्शिता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में गैस एजेंसियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर और पारदर्शी तरीके से गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि कहीं भी ब्लैक मार्केटिंग, अवैध भंडारण या अधिक कीमत वसूली की शिकायत मिली, तो संबंधित एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
बैठक में सभी गैस एजेंसियों को अपने परिसर में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही एजेंसी के बाहर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बाहरी दिशा में भी कैमरा लगाने और सुरक्षा के लिए चौकीदार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैनर में प्रदर्शित होंगे जरूरी नंबर
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हर गैस एजेंसी अपने परिसर में तहसीलदार, थाना प्रभारी और जिला कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर बैनर के माध्यम से प्रमुखता से प्रदर्शित करे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संपर्क किया जा सके
फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व और OTP अनिवार्य
गैस वितरण को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा गया कि सिलेंडर वितरण बुकिंग तिथि के अनुसार और फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व के आधार पर ही होगा। साथ ही हर डिलीवरी में OTP ऑथेंटिकेशन अनिवार्य रहेगा—बिना OTP के किसी भी स्थिति में सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।
ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने एजेंसियों को पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। अवैध भंडारण, कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक्री की किसी भी शिकायत पर तत्काल सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
प्रतिदिन देनी होगी स्टॉक की जानकारी
सभी एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करना अनिवार्य रहेगा।
जिला कंट्रोल रूम हुआ स्थापित
खाद्य आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आमजन 9691901259 नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत, सुझाव या जानकारी दर्ज करा सकते हैं, जिस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर, जिला खाद्य अधिकारी सहित इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत गैस एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे







