बागेश्वर धाम कथा के बीच कोरबा पुलिस ने 70,000 श्रद्धालुओं को किया साइबर फ्रॉड से जागरूक
लोक पल्स न्यूज़ : कोरबा – “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा एक अनूठी पहल करते हुए बागेश्वर धाम की चल रही हनुमंत कथा के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में साइबर पुलिस टीम ने ग्राम ढपढप, थाना बाकी मोगरा क्षेत्र में आयोजित कथा स्थल पर पहुंचकर लगभग 70,000 श्रद्धालुओं को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने कथा प्रारंभ होने से पूर्व मंच के माध्यम से लोगों को संबोधित करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP शेयरिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
किसी भी अनजान कॉल पर OTP साझा न करें
बैंक या सरकारी अधिकारी बनकर आने वाले कॉल से सावधान रहें
सोशल मीडिया पर फर्जी लिंक और ऑफर से बचें
संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें
भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस ने श्रद्धालुओं को चेन स्नेचिंग, जेबतराशी और संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहने की भी सलाह दी।
कोरबा पुलिस की इस पहल से हजारों लोगों तक एक साथ साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचा, जिससे आमजन में जागरूकता बढ़ी है।
धार्मिक आयोजन के बीच इस तरह का अभियान चलाकर पुलिस ने सुरक्षा और जागरूकता का मजबूत संदेश दिया है।







