03 दिन में उठाईगिरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार — 30 हजार रुपये व बाइक बरामद
लोक पल्स न्यूज़ : जिला सक्ती के थाना जैजैपुर पुलिस को उठाईगिरी की घटना का खुलासा करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के महज तीन दिनों के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30 हजार रुपये एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ओडेकेरा निवासी बुधेस्वर देवांगन ने 18 फरवरी 2026 को थाना जैजैपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सहकारी बैंक जैजैपुर से धान बिक्री की राशि 40 हजार रुपये निकालकर टीवीएस लूना से घर लौट रहा था। रकम को थैले में रखकर वाहन के हैंडल में टांगा हुआ था।
रास्ते में पेट्रोल पंप पर बोतल में पेट्रोल लेने के दौरान दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और हैंडल में लटके पैसों से भरा थैला लेकर फरार हो गए।
तुरंत दर्ज हुआ अपराध
प्रार्थी की शिकायत पर थाना जैजैपुर में अपराध क्रमांक 62/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई तथा वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।
तकनीकी साक्ष्य से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल व एसडीओपी भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना पुलिस एवं साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
आरोपी ने कबूला जुर्म
जांच के दौरान आरोपी दीपक प्रधान (27 वर्ष) निवासी दोषमनिया थाना कॉलिंगनगर जिला जाजपुर (उड़ीसा), हाल मुकाम ग्राम भीमखोज जिला महासमुंद को एक नाबालिग साथी के साथ संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने विजय व एक नाबालिग मित्र के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
बरामदगी व कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से उठाईगिरी की गई रकम में से 30 हजार रुपये एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की। आरोपी दीपक प्रधान एवं विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इन पुलिसकर्मियों का रहा विशेष योगदान
कार्रवाई में साइबर प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह, थाना प्रभारी उप निरीक्षक जी.एस. राजपूत, एएसआई आर.एस. राठौर, प्रधान आरक्षक प्रेम सिदार, आरक्षक अलेक्सियुस मिंज, गोपाल साहू, जय प्रकाश उरांव, संतोष मानिकपुरी एवं दिनेश पटेल की अहम भूमिका रही।







