Home ब्रेकिंग न्यूज़ समाज की प्रगति के लिए संगठित रहना आवश्यक – मंत्री लखन लाल...

समाज की प्रगति के लिए संगठित रहना आवश्यक – मंत्री लखन लाल देवांगन माँ परमेश्वरी महोत्सव में शामिल हुए मंत्री, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

47
0

समाज की प्रगति के लिए संगठित रहना आवश्यक – मंत्री लखन लाल देवांगन

माँ परमेश्वरी महोत्सव में शामिल हुए मंत्री, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

लोक पल्स न्यूज़ :रायपुर वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर तथा श्रम विभाग के मंत्री लखन लाल देवांगन दुर्ग में देवांगन जनकल्याण समिति द्वारा आयोजित माँ परमेश्वरी महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने देवांगन समाज की ईष्ट देवी माँ परमेश्वरी की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

संगठन से ही समाज का सर्वांगीण विकास

महोत्सव को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने समाज की एकता और संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए संगठित रहना अत्यंत आवश्यक है। समाज संगठित होगा तो शिक्षा, व्यापार, शासकीय सेवा और राजनीति सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकेगा।

उन्होंने कहा कि कई समाज विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर चुके हैं, जबकि कुछ समाज अभी भी पीछे हैं। ऐसे में सभी को मिल-जुलकर कार्य करने की आवश्यकता है ताकि प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। मंत्री ने बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाती है।

“सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र पर जोर

मंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री के “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मंत्र को दोहराते हुए समाज के सर्वांगीण विकास की आवश्यकता पर बल दिया।

विशिष्ट अतिथियों ने भी रखे विचार

कार्यक्रम में प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने देवांगन समाज को सुलझा हुआ और जागरूक समाज बताते हुए कहा कि यह समाज लंबे समय से व्यापार, कृषि और वस्त्र निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता आया है। जांजगीर-चांपा क्षेत्र में कोसा व्यापार में भी देवांगन समाज की अहम भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि समाज को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला समाज बनना चाहिए और इसके लिए आर्थिक सुदृढ़ता तथा शिक्षा पर विशेष ध्यान आवश्यक है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने महिलाओं से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज और प्रदेश का समग्र विकास संभव है।

बड़ी संख्या में उपस्थित रहे समाजजन

इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष पुराणिक लाल देवांगन, कमलेश देवांगन, संकटलाल देवांगन, अशोक देवांगन,  कल्पना देवांगन,  तुलसी साहू सहित समाज के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here