Home कोरबा कोरबा में मालती किन्नर के बाद गद्दी को लेकर दो गुट आमने-सामने,...

कोरबा में मालती किन्नर के बाद गद्दी को लेकर दो गुट आमने-सामने, धमकी के आरोपों के बीच SP कार्यालय पहुंचा किन्नर समाज

143
0

लोक पल्स न्यूज छत्तीसगढ़ कोरबा सच की धड़कन जनता की आवाज

कोरबा में मालती किन्नर के बाद गद्दी को लेकर दो गुट आमने-सामने, धमकी के आरोपों के बीच SP कार्यालय पहुंचा किन्नर समाज

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र में किन्नर समाज के बीच गद्दी और क्षेत्र को लेकर विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ किन्नर कल्याण संगठन के बैनर तले बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

शिकायतकर्ता रानू किन्नर ने बताया कि वह करीब 20 वर्षों से अपने गुरु स्वर्गीय मालती किन्नर के साथ कोरबा क्षेत्र में बधाई मांगने का कार्य करती हैं और नददीदार किन्नरों की परंपरा से जुड़ी हुई हैं। मालती किन्नर के निधन के बाद उनकी गद्दी और कोरबा क्षेत्र में बधाई मांगने के अधिकार को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है।

रानू किन्नर का आरोप है कि पिछले करीब 15 दिनों से शीतल नायक किन्नर, जम्मू और उसकी चेला शैली राय जम्मू से कोरबा आकर क्षेत्र में कथित तौर पर जबरन वसूली कर रहे हैं। इसी विवाद के बीच रानू किन्नर की शैली राय से मुलाकात हुई।

शिकायत के मुताबिक, इस दौरान शैली राय ने कथित तौर पर रानू किन्नर के बाल पकड़कर उन्हें कोरबा छोड़कर दूसरे शहर जाने की बात कही। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करने और अपने लोगों के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई।

मामले को लेकर छत्तीसगढ़ किन्नर कल्याण संगठन के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और पूरे मामले में FIR दर्ज कर जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की वास्तविक स्थिति क्या है और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

फिलहाल, मालती किन्नर के निधन के बाद गद्दी और क्षेत्र को लेकर सामने आए इस विवाद ने किन्नर समाज के भीतर चल रहे मतभेदों को उजागर कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here