बालको का जुबली पार्क बना आकर्षण का केंद्र, कोरबा के सबसे सुंदर और सुव्यवस्थित पार्कों में शामिल
लोक पल्स न्यूज़ बालकोनगर, 22 जून 2026। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा सिविक सेंटर में विकसित नवनिर्मित जुबली पार्क अब क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पार्क बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
पार्क में बच्चों के लिए सुरक्षित एवं आधुनिक खेल उपकरण, फिटनेस प्रेमियों के लिए व्यायाम उपकरण, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष बैठने एवं विश्राम की व्यवस्था, योग एवं ध्यान के लिए समर्पित योगा प्लेटफॉर्म तथा स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आकर्षक वॉकिंग ट्रैक विकसित किया गया है। हरियाली और सौंदर्यीकरण से सुसज्जित यह पार्क समुदाय के लिए स्वास्थ्य और मनोरंजन का आदर्श केंद्र बनकर उभरा है।
नगर निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 43 के पार्षद हितानंद अग्रवाल ने पार्क की सराहना करते हुए कहा कि बालको द्वारा विकसित जुबली पार्क समुदाय के लिए एक अत्यंत उपयोगी और सराहनीय सौगात है। उन्होंने कहा कि पार्क में विकसित सुविधाएं सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी साबित होंगी और यह कोरबा जिले के सबसे सुंदर एवं सुव्यवस्थित पार्कों में से एक है।
उन्होंने कहा कि बालको अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कर रहा है। सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण, आंबेडकर स्टेडियम के आधुनिकीकरण, नेहरू पार्क के निर्माण सहित कई जनहितकारी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में हो रहे सामुदायिक विकास कार्यों की सराहना करते हुए जुबली पार्क जैसी पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
जुबली पार्क को केवल मनोरंजन स्थल के रूप में नहीं बल्कि एक जीवंत सामाजिक एवं स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां समय-समय पर योग, फिटनेस और अन्य सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे लोगों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी। आने वाले समय में यह पार्क स्वास्थ्य, मनोरंजन, सामाजिक मेलजोल और सामुदायिक सहभागिता का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है।









