बुधवारी बाईपास पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हंगामा, महिला ठेला संचालक जेसीबी के सामने बैठी
कोरबा। बुधवारी बाईपास क्षेत्र में नगर निगम द्वारा ग्रीन बेल्ट विकसित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बुधवार को विरोध की स्थिति बन गई। वर्षों से ठेला लगाकर आजीविका चला रही एक महिला ने कार्रवाई का विरोध करते हुए जेसीबी मशीन के सामने बैठकर अपना आक्रोश जताया। इसके चलते कुछ समय के लिए अभियान रोकना पड़ा और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
महिला का कहना था कि वह लंबे समय से इसी स्थान पर ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही है। उसने अधिकारियों को पुराने दस्तावेज भी दिखाए और मांग की कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उसे हटाना उचित नहीं है। महिला ने कहा कि यदि निगम अतिक्रमण हटाना चाहता है, तो पहले उसे किसी अन्य स्थान पर दुकान या ठेला लगाने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि ग्रीन बेल्ट निर्माण परियोजना के तहत क्षेत्र में मौजूद ठेला एवं गुमटी संचालकों को करीब एक माह पहले नोटिस जारी कर स्वेच्छा से स्थान खाली करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटने पर नियमानुसार अभियान चलाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर नगर निगम आयुक्त भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला की बात सुनी और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए संबंधित ठेला हटाने के लिए तीन दिन का अतिरिक्त समय देने के निर्देश दिए।
यह कार्रवाई शहर के सौंदर्यीकरण और हरित क्षेत्र के विकास की योजना का हिस्सा है, लेकिन इस घटनाक्रम ने एक बार फिर छोटे व्यवसायियों के पुनर्वास और उनकी आजीविका से जुड़े मुद्दों को चर्चा में ला दिया है।








